Home बिहार न्यू ईयर से पहले मंदार रोपवे पर NDRF का मॉक ड्रिल, रेस्क्यू...

न्यू ईयर से पहले मंदार रोपवे पर NDRF का मॉक ड्रिल, रेस्क्यू की तैयारी

188
0
NDRF conducts mock drill at Mandar Ropeway ahead of New Year, prepares for rescue

बांका: जिले के बौंसी प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मंदार पर्वत स्थित रोपवे पर एक दिवसीय मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंदार पर्वत के टर्मिनल नंबर एक पर संपन्न हुआ, जिसमें पटना-बिहटा से आई एनडीआरएफ की नौवीं बटालियन तथा देवघर के बचाव दल ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस दौरान रोपवे के कर्मियों को आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू ऑपरेशन और सुरक्षा मानकों से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एनडीआरएफ नौवीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट विवेक कुमार, डिप्टी कमांडेंट डॉ. बी.के. झा तथा इंस्पेक्टर मुरली शर्मा ने किया।

मॉक ड्रिल के दौरान रोपवे संचालन के समय संभावित दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित राहत, बचाव कार्य और प्राथमिक चिकित्सा उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से यह बताया गया कि किसी तकनीकी खराबी या आकस्मिक घटना की स्थिति में चेयर कार में फंसे यात्रियों को किस प्रकार सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार केंद्र तक पहुंचाया जाए। मॉक ड्रिल के तहत संभावित दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न कर रोपवे के मध्य टर्मिनल नंबर एक पर चेयर कार के केबिन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास कराया गया। लोअर टर्मिनल नंबर एक के केबिन का रेस्क्यू रोपवे टीम द्वारा किया गया, जबकि घटना की सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ के जवान रोपवे के खंभे पर चढ़कर तार के सहारे केबिन तक पहुंचे और विशेष सुरक्षा उपकरणों की मदद से मॉक ड्रिल के तहत फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा।

GNSU Admission Open 2026

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हेलमेट, दस्ताने, सेफ्टी बेल्ट और अन्य आधुनिक उपकरणों के प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्राथमिक उपचार के आवश्यक उपायों, यात्रियों को मानसिक रूप से शांत रखने तथा समन्वय के साथ कार्य करने की रणनीति भी समझाई गई। इस लाइव डेमो ने रोपवे कर्मियों और स्थानीय प्रशासन को आपात स्थिति से निपटने की व्यावहारिक समझ प्रदान की। इससे पूर्व कार्यक्रम के पहले सत्र में इंस्पेक्टर मुरली शर्मा ने प्रोजेक्टर के माध्यम से आपदा प्रबंधन पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने देवघर रोपवे में हुए केयर रेस्क्यू ऑपरेशन का उदाहरण देते हुए बताया कि किस प्रकार एनडीआरएफ की टीम ने बड़े स्तर पर सफल अभियान चलाकर कई लोगों की जान बचाई थी। उन्होंने कहा कि समय पर सही निर्णय और प्रशिक्षित टीम किसी भी आपदा में जनहानि को न्यूनतम कर सकती है।

GNSU Admission Open 2026