Home बिहार शादी के घर में मातम: बगीचे में फंदे से लटका मिला महिला...

शादी के घर में मातम: बगीचे में फंदे से लटका मिला महिला का शव, गैंगरेप की आशंका

52
0
Mourning in the wedding house: Woman's body found hanging from a noose in the garden, suspicion of gang rape

पूर्णिया: पूर्णिया में एक 45 वर्षीया महिला का शव संदिग्ध अवस्था में आम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या की आशंका जताई है, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है। घटना जिले के केनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनभाग चुनापुर पंचायत के वार्ड नंबर 10 के गांव की है। मृतका की पहचान महेंद्र ऋषि की पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 11 बजे प्रमिला देवी अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित खेत में शौच के लिए निकली थीं।

जब एक घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। रात के अंधेरे में ही परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। पूरी रात परिवार अनहोनी की आशंका में जागता रहा। मुशहरी गांव के कुछ बच्चे सूरज राय के आम और सरसों के खेत में घास काटने गए थे। वहां बच्चों ने पेड़ से लटका शव देखा और शोर मचाना शुरू किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि प्रमिला देवी का शव आम के पेड़ से लटका हुआ था और उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे। यह भयावह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर मौजूद साक्ष्यों को देख ग्रामीण इसे सोची-समझी साजिश और हत्या मान रहे हैं। सरसों के खेत और पेड़ के चारों ओर जमीन पर संघर्ष के गहरे निशान पाए गए हैं, जिसे स्थानीय भाषा में ‘दंगा’ कहा जाता है। इसके अलावा शव के पास ही एक खून से लथपथ लकड़ी भी बरामद हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि अपराधियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटका दिया।

GNSU Admission Open 2026

समिति प्रतिनिधि बम-बम झा और झोटन साह ने बताया कि मृतका के घर में इन दिनों खुशी का माहौल था। प्रमिला देवी की छोटी बेटी ऋचा की शादी आगामी 5 तारीख को तय हुई थी। शादी के खर्च और तैयारियों के लिए मृतका के तीनों बेटे राजेश, राजन और राजकुमार अपनी बहन का छेका (सगाई) करने के बाद मजदूरी के लिए परदेस गए हुए थे। घर में केवल बेटियां और वृद्ध दादी बची थीं, जिनका अब रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच (GMCH) पूर्णिया भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला काफी गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामूहिक दुष्कर्म और मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और सुराग जुटाने में लगी है।





GNSU Admission Open 2026