मामले में पुलिस ने पति समेत सास, ससुर और ननद को किया गिरफ्तार
रोहतास। जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत लडुई गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान लडुई गांव निवासी छोटेलाल खरवार की 35 वर्षीय पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। इधर मृतका के पिता हृदय खरवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
कोचस थाना क्षेत्र के बलथरी गांव निवासी हृदय खरवार ने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री पूजा कुमारी की शादी लडुई गांव निवासी बिगन खरवार के पुत्र छोटेलाल खरवार से की थी। उनके अनुसार शादी के बाद से ही पूजा को मोटरसाइकिल और ढाई लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार की रात ससुराल वालों ने पूजा कुमारी की हत्या कर दी। वही परिजनों ने बताया कि मृतिका पूजा कुमारी का एक पुत्र भी है।
वही घटना को लेकर मृतका के परिवार की ओर से करगहर थाना में दहेज हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। करगहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, सास, ससुर और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। वही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।







