सासाराम। जिले के सदर अस्पताल सासाराम में कार्यरत ममता कार्यकर्ताओं ने विभाग के प्रभारी अधिकारी सीमा कुमारी पर भेदभाव का गंभीर आरोप लगाया है। बता दें कि ममता कार्यकर्ताएं गर्भवती महिलाएं एवं नवजात शिशुओं को टीकाकरण, पोषण सहित परिवार नियोजन जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं एवं योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में इनका महत्वपूर्ण योगदान होता है और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी करती हैं।
ममता कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सदर अस्पताल में उन्हें पहले विश्राम गृह दिया गया था, लेकिन अब इन्हें विश्राम गृह से वंचित कर दिया गया है। जिसके कारण पूरे दिन खड़े होकर काम करना पड़ रहा है। यह भी आरोप है कि सदर अस्पताल के वरीय अधिकारी इनकी बातों को नजर अंदाज करते हैं और उन्हें न्यूनतम सुविधा भी नहीं दी जा रही हैं। इसके अलावा ममता कार्यकर्ताओं ने वेतन भुगतान में देरी करने एवं जातीय भेदभाव का भी आरोप लगाया है।







