Home झारखण्ड झारखंड के 48 नगर निकायों में मतदान शुरू, 43 लाख से अधिक...

झारखंड के 48 नगर निकायों में मतदान शुरू, 43 लाख से अधिक मतदाता करेंगे फैसला

177
0
Voting begins in 48 municipal bodies of Jharkhand, over 43 lakh voters will decide

रांची। झारखंड के 48 नगर निकायों में नगर सरकार चुनने के लिए सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। राजधानी रांची सहित राज्यभर में मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। मॉक पोलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ और मतदाता बारी-बारी से अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। राज्य में लंबे अंतराल के बाद नगर निकाय चुनाव हो रहा है।

वहीं इस बार चुनाव बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं, जिसके कारण मतदान की प्रक्रिया में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है। हालांकि, अब तक राज्य के किसी भी हिस्से से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा और निर्धारित समय तक कतार में खड़े सभी मतदाताओं को वोट देने का अवसर दिया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निकाय क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। कुल 4307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 2129 मतदान भवनों में संचालित हो रहे हैं।

GNSU Admission Open 2026

इनमें 2445 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 896 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान की स्थिति से निपटने के लिए तीन दिन रिजर्व भी रखे हैं। इस चुनाव में कुल 43,33,574 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। इनमें 21,26,227 महिला, 22,07,203 पुरुष और 144 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार मतदान में नोटा का प्रावधान नहीं रखा गया है। मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद नगर निकायों में नई नगर सरकार की तस्वीर साफ हो जाएगी।

GNSU Admission Open 2026