हजारीबाग: जिले के पदमा ओपी क्षेत्र स्थित इटखोरी मोड़ के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां ट्रक और ओवरलोड टेलर की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि, समय रहते चालक और खलासी के बाहर निकल जाने से कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इटखोरी की ओर से आ रहा ट्रक अचानक फोरलेन सड़क पार करने लगा। इसी दौरान हजारीबाग की दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे ओवरलोड टेलर के चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन भारी लोड के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। टायरों में घर्षण से उठी चिंगारी ने कुछ ही पलों में आग का रूप ले लिया और टेलर सीधे ट्रक से जा टकराया। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि टेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि ट्रक का भी बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। ट्रक में लदा सामान भी भारी मात्रा में जल गया, हालांकि दमकल की तत्परता से कुछ सामान को बचा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लापरवाही और ओवरलोडिंग को माना जा रहा है।







