रांची। झारखंड की राजधानी रांची के सिविल कोर्ट और कलक्ट्रेट के बाद सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ने की धमकी मिली है, जिसके बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। रांची के रातू रोड के गैलेक्सिया मॉल में स्थित पासपोर्ट ऑफिस को निशाना बनाते हुए धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। ईमेल के जरिए अज्ञात अपराधियों ने पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी है।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस की टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई। पुलिस और बीडीएस टीम ने गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट ऑफिस के अंदर और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच कर रही है। टीम ने ऑफिस के हर कमरे, परिसर और आसपास के हिस्सों की तलाशी ली। हालांकि अब तक की जांच में कहीं से भी किसी तरह का संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।
डीएसपी सोय ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। पुलिस अब उस ईमेल की जांच कर रही है जिसके जरिए धमकी दी गई है। साइबर टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल कहां से और किसने भेजा है।







