पटना: राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के लिए आने वाले दिन चुनौतियों भरे हो सकते हैं। राबड़ी आवास से निवास स्थान बदले जाने की उठी चर्चा में राबड़ी आवास से ज्यादा महुआबाग सुर्खियों में छाया था। फिर नया साल आने के चंद दिनों पहले घने कोहरे के बीच रात के अंधेरे में बड़ी गाड़ी से सामान ढ़ोने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थो चर्चा यह होने लगी कि क्या सर्कुलर रोड से राबड़ी आवास खाली हो रहा? तो फिर नए साल में किस पते पर मिलेंगे लालू यादव?
फिलहाल वक्त के साथ महुआबाग और आवास खाली होने की चर्चा कुछ देर तक थमी ही कि, इसी बीच लालू परिवार की चर्चा एक बार फिर से कौटिल्य नगर से जुड़कर और तेज हो गई है। इसको लेकर बिहार में हाड़ कंपा देने वाली ठंढ़ के बावजूद राजनीति गर्म हो गई है। जनता दल यूनाइटेड के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने लालू प्रसाद यादव के साथ कौटिल्य नगर के उस ख़ास और शानदार निर्माणाधीन मकान की चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि कौटिल्य नगर में बन रहे उस आलिशान निर्माणाधीन मकान की जांच राजस्व विभाग खुद करे। जनता दल यूनाइटेड के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने लालू प्रसाद यादव पर हमला करते हुए कहा कि अल्प वेतन में संपत्ति की श्रृंखला अनुसंधान का विषय है।
जिस दौर में लालू प्रसाद यादव का परिवार राज्य के मुख्यमंत्री पद पर था उनके परिजन पदधारी थे तो श्वेत पत्र जारी कर दीजिए। नीरज कुमार ने कहा कि महुआ बाग में शानदार किला बन रहा है, लेकिन उस किले को बनकर पूरा होने में अभी काफी विलंब है। इसलिए उनके अल्पविराम के लिए कौटिल्य नगर में एक शानदार मकान बन रहा है। जनता दल यूनाइटेड के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने सवाल उठाते हुए पूछा है कि आखिर माजरा क्या है? किसकी जमीन है ? किसने दिया है ? कब लिया ? इन सारे चीजों का ब्यौरा वह उपमुख्यमंत्री विजय सिंह को उपलब्ध कराएंगे। साथ ही नीरज कुमार ने यह भी कहा कि लालू प्रसाद यादव की संपत्ति की जो बेशुमार श्रृंखला है, जिसका उद्वेदन लालू परिवार खुद कर रहा है। इसलिए हम समझते हैं कि पूरे मामले की जांच खुद राजस्व विभाग करेगा।







