डेहरी (रोहतास)। जिले के डेहरी में राष्ट्रीय सवर्ण कल्याण मोर्चा के बैनर तले रविवार को एक जन चेतना रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत एनिकट स्थित बाबा झारखंडी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग रैली में शामिल हुए और डेहरी शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वीर कुंवर सिंह चौक तक मार्च किया जहां रैली का समापन हुआ। रैली के दौरान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने यूजीसी कानून को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और इसे सवर्ण छात्रों के खिलाफ दमनकारी नीति बताया।
राष्ट्रीय सवर्ण कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार UGC कानून लाकर सवर्ण छात्रों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि हम सरकार से मांग करते हैं कि सवर्ण समाज को प्रताड़ित करना बंद किया जाए। जिन वोटों के दम पर सरकार बनी है उसी समाज के साथ अन्याय किया जा रहा है। और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि यूजीसी से जुड़ा मामला फिलहाल सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है और अदालत ने केंद्र सरकार से इस कानून को लेकर हलफनामा मांगा है कि आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया गया। उन्होंने बताया कि आगामी 19 तारीख को सर्वोच्च न्यायालय में इस मामले पर सुनवाई होनी है। सुरेंद्र तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय सवर्ण कल्याण मोर्चा को सर्वोच्च न्यायालय पर पूरा भरोसा है लेकिन इसके साथ ही भारत सरकार से भी मांग है कि यूजीसी कानून को वापस लिया जाए।







