पटना। बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने रविवार को बिहार के जिलों में असमय हुई आंधी और बारिश से फसल को हुए नुकसान पर प्रधान सचिव, कृषि निदेशक, उद्यान निदेशक एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को फसल के क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया है।
श्री यादव ने कृषि विभाग की टीमों को सक्रिय कर किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य की सरकार आपदा की इस घड़ी में किसानों के साथ पूरी दृढ़ता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निदेश विभागीय अधिकारियों को दिया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। कृषि मंत्री ने कहा कि आंधी और बारिश के कारण हुए फसल क्षति का आकलन प्रतिवेदन प्राप्त हो जाने के बाद कृषि विभाग वैकल्पिक फसलों के बीज से लेकर अन्य सभी विकल्पों पर विचार करेगी तथा किसानों को त्वरित सहायता उपलब्ध करायी जायेगी।







