सासाराम। सासाराम सदर अस्पताल स्थित एमसीएच में पिंक अक्टूबर के अवसर पर बुधवार को स्तन कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कैंसर स्क्रीनिंग टीम द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. अंजली, डॉ. श्वेता, स्टाफ नर्स नैन्सी और एमटीएस स्टाफ शक्ति शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान महिला मरीजों को स्तन कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, जांच की प्रक्रिया और रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।
डॉक्टरों ने कहा कि स्तन कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ता हुआ रोग है, लेकिन समय पर जांच और जागरूकता से इसे प्रारंभिक अवस्था में ही रोका और नियंत्रित किया जा सकता है। टीम ने महिलाओं को ब्रेस्ट सेल्फ एग्ज़ामिनेशन (स्वयं जांच) की विधि सिखाई और यह भी बताया कि किसी भी असामान्य बदलाव या गांठ महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और स्तन कैंसर से जुड़ी झिझक को दूर करना था। अस्पताल में उपस्थित महिला मरीजों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की और डॉक्टरों से अपने सवाल भी पूछे।







