
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर स्थित सरस्वती नगर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर आदित्य कुमार साइबर ठगों का शिकार हो गए। ठगों ने उन्हें ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर करीब ₹7,72,980 की ठगी कर ली। पीड़ित ने इस मामले में साइबर क्राइम पोर्टल और साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को आदित्य कुमार के मोबाइल पर व्हाट्सएप से एक अनजान कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक बड़ी कंपनी का एचआर बताया और घर बैठे ₹15 से ₹20 हजार रुपये कमाने का ऑफर दिया। इसके बाद पीड़ित को टेलीग्राम ऐप पर होटल की रेटिंग बढ़ाने का काम दिया गया। ठगों ने हर काम के बदले ₹30 देने का वादा किया। धीरे-धीरे ठगों ने अलग-अलग बहानों से टैक्स और कमीशन के नाम पर आदित्य से 26 बार में कुल ₹7.72 लाख ट्रांसफर करा लिए।
हालांकि इस बीच उन्हें सिर्फ सात बार में ₹15,420 रुपये लौटाए गए। लगातार दबाव और झांसे में आकर इंजीनियर लाखों रुपये ट्रांसफर करते रहे, जब तक कि उनका बैंक खाता बंद नहीं हो गया। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में जिले के साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई है। बैंक से शेष राशि को होल्ड कराया गया है और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।






