कटिहार: कटिहार नगर थाना क्षेत्र के अरगरा चौक मोफरगंज में एक घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया और पति-पत्नी के झगड़े का मामला आगजनी और जान लेने की कोशिश तक पहुंच गया। आरोप है कि कल्याणी देवी ने अपने ही घर में आग लगा दी और पति पंकज पोद्दार को जिंदा जलाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद बंद कमरे से उठती तेज लपटों ने मोहल्ले का ध्यान खींचा। पड़ोसियों ने आवाज देकर दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा।
घर पूरी तरह आग की चपेट में था और उर्दू मध्य विद्यालय शरीफगंज के सरकारी शिक्षक पंकज पोद्दार बुरी तरह झुलस चुके थे। लोगों ने आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला और सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक पंकज की हालत गंभीर है और उन्हें रेफर कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग फैलने के दौरान कल्याणी देवी ने अपने आप पर पानी डालकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश की, ताकि पीड़ित दिख सकें। हालांकि पड़ोसियों ने आग लगाने में उनकी भूमिका पर कई सवाल उठाए। लपटों के बढ़ते खतरे को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई।
दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया, लेकिन तब तक घर का लगभग सारा सामान जलकर राख हो चुका था। मोहल्ले में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है। लोगों का कहना है कि दंपति के बीच पिछले कई दिनों से झगड़ा चल रहा था। चार दिन पहले सड़क पर हुई मारपीट की घटना ने तनाव और बढ़ा दिया था, जिसकी शिकायत पुलिस तक भी पहुंची थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि स्थिति इतनी भयावह हो जाएगी। पुलिस ने कल्याणी देवी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। इधर अस्पताल में पंकज पोद्दार जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं, जबकि मोहल्ले के लोग अब भी यह सवाल कर रहे हैं कि घरेलू विवाद आखिर इतना भयावह कैसे बन गया।







