छपरा: सारण जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। छपरा–मशरख मुख्य पथ पर गौरा थाना क्षेत्र के रामपुर पुल के समीप शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृत युवक की पहचान सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र के नागराज सत्तासी गांव निवासी मनोज कुमार सिंह के 24 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार विनोद सिंह के 25 वर्षीय पुत्र पवन कुमार इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। रामपुर पुल के पास पहुंचते ही दोनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने कुंदन कुमार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल पवन कुमार की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गौरा थाना की थानाध्यक्ष कुमारी सिमरन अस्पताल पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। उधर, जैसे ही हादसे की खबर मृतक के परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है।







