वैशाली: बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और वैशाली जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिदुपुर थाना क्षेत्र से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 42.18 ग्राम हेरोइन, एक आधार कार्ड, एक रेल टिकट और 1,270 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। तस्करों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों सहित कुल चार नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह जानकारी सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुबोध कुमार ने बुधवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। एसडीपीओ ने बताया कि वैशाली पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ पटना से सूचना मिली थी कि बिदुपुर थाना क्षेत्र में तस्कर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। प्राप्त सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक वैशाली के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 हाजीपुर सुबोध कुमार के नेतृत्व में दंडाधिकारी और बिदुपुर थानाध्यक्ष की टीम ने छापेमारी की।
इस दौरान दो तस्करों को 42.18 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। जब्त हेरोइन का बाजार मूल्य लगभग 10 लाख रुपये आंका गया है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्करों ने खुलासा किया कि मादक पदार्थ असम राज्य से लाया जाता था और वैशाली जिले में इसकी बिक्री की जाती थी। इस संबंध में बिदुपुर थाना कांड संख्या 698/25 दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।







