भोजपुर: भोजपुर जिले में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। गजराजगंज ओपी क्षेत्र में बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। घटना गजराजगंज ओपी क्षेत्र अंतर्गत बामपाली बांध के समीप की है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने एक बावर्ची को निशाना बनाते हुए चार गोलियां मार दीं।
गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। फायरिंग की वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान लखीसराय जिले के क्यूल थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिजन कॉलोनी वृंदावन निवासी सूबेदार पासवान के 32 वर्षीय पुत्र राजू पासवान के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि राजू पासवान पेशे से बावर्ची है और होटल में काम करता है। वह वर्तमान में नवादा थाना क्षेत्र के जवाहर टोला मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही गजराजगंज ओपी इंचार्ज चंचल महथा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के साथ-साथ फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सहमे हुए हैं।







