डेहरी। बीजेपी प्रदेश मंत्री त्रिविक्रम नारायण सिंह ने जीएसटी में बदलाव को लेकर प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए सरकार ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जनता की जेब का बोझ कम करना और महंगाई पर नियंत्रण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुधवार को जीएसटी ढांचे में बड़े बदलाव किए गए, जिसे जीएसटी 2.0” कहा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब जीएसटी के चार स्लैबों को घटाकर दो प्रमुख दरें 5% और 18% कर दी गई हैं। इस सुधार का सीधा लाभ आम जनता और छोटे व्यापारियों को मिलेगा। वही रोज़मर्रा की वस्तुएं जैसे दूध, दही, पनीर, साबुन, तेल, टूथपेस्ट, साइकिल और जीवन रक्षक दवाएं अब पहले से सस्ती हो गई हैं। छोटे वाहन, दोपहिया और सीमेंट जैसी वस्तुओं पर भी कर कम कर दिया गया है। दूसरी ओर, महंगी कारों, एयर्टेड ड्रिंक्स, पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर कर बढ़ाकर अमीर वर्ग पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है।
श्री सिंह ने कहा कि यह निर्णय स्पष्ट करता है कि भाजपा सरकार गरीब और मध्यम वर्ग की राहत तथा व्यापारी वर्ग के हितों को केंद्र में रखकर काम करती है। सरल कर संरचना से कारोबारियों को सुविधा होगी और छोटे व्यापारियों पर टैक्स का बोझ घटेगा। विपक्ष बार-बार महंगाई का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश करता रहा है, लेकिन जीएसटी सुधार ने उनके दावों को खोखला साबित कर दिया है। भाजपा और एनडीए सरकार ने ठोस कदम उठाकर यह संदेश दिया है कि हम केवल वादे नहीं, बल्कि जनहित में फैसले करते हैं। यह सुधार न केवल जनता को राहत देगा बल्कि व्यापारी वर्ग का विश्वास भी और मजबूत करेगा। यह कदम महंगाई पर प्रहार, विपक्ष की रणनीति को ध्वस्त और एनडीए की नीतियों को और सशक्त करेगा।







