Home बिहार औरंगाबाद में मालगाड़ी बेपटरी, बड़ा हादसा टला

औरंगाबाद में मालगाड़ी बेपटरी, बड़ा हादसा टला

247
0
Goods train derails in Aurangabad, major accident averted

औरंगाबाद: जिले में एक बार फिर रेलवे सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फेसर रेलवे स्टेशन के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीडीयू रेल खंड पर चल रही एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह मालगाड़ी साइड लाइन पर खड़ी थी, जिसके कारण मुख्य रेल लाइन पर चलने वाली ट्रेनों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।

फिलहाल रेलवे प्रशासन द्वारा बेपटरी के कारणों की जांच की जा रही है और खबर लिखे जाने तक बोगियों को पटरी पर चढ़ाने का कार्य तेजी से जारी था। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मालगाड़ी जैसे ही फेसर स्टेशन के समीप लूप लाइन में प्रवेश कर रही थी, तभी अचानक तेज आवाज के साथ तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग रेलवे ट्रैक की ओर दौड़े। देखते ही देखते सूचना रेलवे अधिकारियों तक पहुंच गई। घटना के बाद मौके पर रेलवे सुरक्षा बल और तकनीकी टीम को भेजा गया।

GNSU Admission Open 2026

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह मालगाड़ी नियमित परिचालन के तहत गुजर रही थी। प्राथमिक जांच में तकनीकी कारण या प्वाइंट में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पटरी से उतरे डिब्बों को सुरक्षित तरीके से हटाने और ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। घटना लूप लाइन पर होने के कारण मुख्य रेल मार्ग प्रभावित नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह घटना मेन लाइन पर होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसे में समय रहते लूप लाइन पर ही डिब्बों का पटरी से उतरना राहत भरा साबित हुआ। रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा मानकों की दोबारा समीक्षा की जाएगी।

GNSU Admission Open 2026