गया जी: मोक्षनगरी गयाजी में पितृपक्ष मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पितृमुक्ति के इस महापर्व को लेकर पूरा शहर सज-धजकर तैयार है। देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
राजकीय पितृपक्ष मेले का उद्घाटन आज केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा। प्रशासन ने विष्णुपद मंदिर से लेकर मेला क्षेत्र तक सफाई, रंग-बिरंगी रोशनी और सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरा इलाका पोस्टरों और सजावट से जगमगा रहा है।
करीब 17 दिनों तक चलने वाले इस मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से लगभग दस हजार तीर्थयात्री गयाजी पहुंच चुके हैं। अधिकांश पिंडदानी शुक्रवार रात को ही यहां पहुंच गए। पिंडदान की शुरुआत आज पटना जिले के पुनपुन घाट से होगी, वहीं जो श्रद्धालु वहां नहीं जा पाएंगे, वे गयाजी स्थित गोदावरी तालाब से कर्मकांड करेंगे।







