बक्सर: शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 46 लाख 49 हजार 700 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को बक्सर पुलिस ने पटना से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बक्सर पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को साइबर थाना बक्सर में वादी संजय कुमार ने आवेदन दिया था कि 2 जून से 21 जून के बीच किसी अज्ञात नंबर से कॉल करने वाले व्यक्ति ने अलग-अलग शेयरों में निवेश कराने के नाम पर उनसे कुल 46,49,700 रुपये की ठगी कर ली।
मामले में साइबर थाना बक्सर में कांड संख्या-38/25 दर्ज की गई। एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना बक्सर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान यह पता चला कि संदीप कुमार (पिता टुनटुन लाल रजक), निवासी बंदर बगीचा, डाक बंगला रोड, थाना कोतवाली, जिला पटना के खाते में 7 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से 3 पासबुक, 2 चेकबुक, 1 आधार कार्ड, 1 फर्जी एफिडेविट, 1 अंक प्रमाण पत्र, जाली मुहर, अंगूठे का निशान लगा सादा कागज और कुछ संदिग्ध सामान बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खाते पर अन्य चार राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में साइबर डीएसपी अविनाश कुमार कश्यप और पुअनी श्रीकांत शामिल थे।







