
मुज्जफरपुर: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा के अंतिम दिन सोमवार को अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान चार छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। घटना शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित आबेदा हाई स्कूल परीक्षा केंद्र की है। जानकारी के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद ही एक-एक कर चार छात्राएं परीक्षा कक्ष में गिर पड़ीं।
इससे केंद्र पर अफरातफरी मच गई। ड्यूटी पर मौजूद शिक्षकों और कर्मियों ने तुरंत छात्राओं को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। बेहोश हुई छात्राओं की पहचान छोटी कुमारी, मुस्कान कुमारी, ज्योति कुमारी और प्रियांशी कुमारी के रूप में हुई है। सभी रामपुर विशंभरपुर, साहेबगंज (मुजफ्फरपुर) की रहने वाली हैं और अंग्रेजी की परीक्षा देने केंद्र पर पहुंची थीं।
छात्रा नेहा ने बताया कि सोमवार को मैट्रिक परीक्षा का अंतिम पेपर था। परीक्षा के दौरान तेज धूप और उमस के कारण कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। इस घटना से अन्य परीक्षार्थियों में भी घबराहट की स्थिति उत्पन्न हो गई। सदर अस्पताल में भर्ती सभी छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी ली जा रही है।






