पटना। राजधानी पटना स्थित पटना विश्वविद्यालय में चल रहे छात्र संघ चुनाव में गोली बारी की घटना सामने आई है। फायरिंग के बाद कैंपस में हड़कंप मच गया। बताते चले कि आज पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव को लेकर मतदान की प्रकिया चल रही है बीच साइंस कॉलेज परिसर में एक से दो राउंड गोली चलने की सूचना सामने आई। जैसे ही फायरिंग की खबर फैली, मतदान स्थल और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पटना टाउन डीएसपी-1 के नेतृत्व में पीरबहोर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। एसडीपीओ राजेश रंजन ने बताया कि छात्र संघ चुनाव के दौरान पटना साइंस कॉलेज में गोली चली है और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी को डरने की जरूरत नहीं है, प्रशासन पूरी तरह मौके पर मौजूद है। फोर्स मंगाई गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस घटना को किसने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार इस वारदात में किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है।
प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। वही अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रिंकल यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि रिंकल यादव जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार हैं और उनका नाम तेज प्रताप यादव से जुड़ता रहा है। हिरासत की खबर फैलते ही उनके समर्थकों ने विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा किया और जमकर नारेबाजी की। बताते चले कि सेंट्रल पैनल के 5 पदों के लिए 41 उम्मीदवार और काउंसलर पद के लिए 45 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए 11, महासचिव के लिए 9, उपाध्यक्ष के लिए 8, संयुक्त सचिव के लिए 6 और कोषाध्यक्ष पद के लिए 7 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।







