
मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में घर में अकेली पाकर एक महिला को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। महिला को गोली देर रात एक से दो बजे के आसपास मारी गई है, जबकि इसकी सूचना ग्रामीणों को अहले सुबह छह से सात बजे के बीच लगी है। मौके पर पहुंचकर पुलिस तहकीकात में कर रही है। पूरी घटना मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के निमोइया मोड़ के समीप एक घर की है।
जहां अपराधियों ने घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी है। महिला अकेले घर में रहती थी। मृतका महिला की पहचान चंदा देवी पति उमाशंकर प्रसाद के रूप में की गई है। घटना के बारे में बताया जाता है कि अपराधियों को इसकी भनक थी कि महिला घर में अकेले रहती है। सुबह जब इसकी जानकारी ग्रामीणों के माध्यम से पुलिस को हुई, तो तुरकौलिया थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच मामले के जांच में जुट गई है। वहीं, घटना के संबंध में एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि मृतिका की उम्र 50-55 वर्ष की है। उसके दो बेटे हैं।
बड़ा बेटा घर पर नहीं था। महिला की पति मिल पर सोने गया था। इसका छोटा बेटा अपने 4 दोस्त के साथ मेला देखकर 12.00 बजे रात के आया, तो अपने दोस्त के घर डेढ़ घंटा रुका। वहां से अपने घर जाने की बात कह रहा था। मृतिका का छोटा बेटा संदिग्ध लग रहा है। वहीं, इस संबंध में मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। किसी नजदीकी के द्वारा ही घटना घटित लग रही है। पूरे मामले को एसडीपीओ देख रहे हैं, शीघ्र ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।






