मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के राजकीय उत्क्रमित विद्यालय मानशाही नवादा का एक आठवीं कक्षा का छात्र स्कूल के लिए घर से निकला और शाम तक घर वापस नहीं आया। बच्चे के लापता होने के बाद उसके परिजन ने अनहोनी की संभावना जताई है और पुलिस से उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। छात्र की मां नीता देवी ने बताया कि उनका बेटा पास के सरकारी स्कूल में पढ़ाई करता है।
वह स्कूल ड्रेस में ही घर से निकला था और शाम तक घर नहीं लौटा। परिजन जब उसकी खोजबीन के लिए स्कूल पहुंचे तो स्कूल के शिक्षक और प्राचार्य ने कहा कि उन्हें बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं है और परिजन को खुद जाकर बच्चे की खोज करनी चाहिए। परिजनों ने थक हारकर मुसहरी थाना पुलिस से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि बच्चे के साथ कोई अनहोनी घटना न घट जाए।
मुशहरी थाना के एसएचओ सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि बच्चे की गुमशुदगी का आवेदन मिला है और उसकी खोजबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस बच्चे के स्कूल में जाकर शिक्षक और कर्मियों से जानकारी ले रही है। विशेष टीम इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। घटना के बाद से परिजन और पुलिस दोनों ही बच्चे की सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं। परिजन लगातार मदद की गुहार लगा रहे हैं और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।







