Home बिहार मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान अररिया जिले को दी 546 करोड़...

मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान अररिया जिले को दी 546 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात

39
0
During the Samruddhi Yatra, the Chief Minister gifted schemes worth Rs 546 crore to Araria district.

मुख्यमंत्री ने 157 करोड़ रुपये की लागत से 60 योजनाओं का किया उद्घाटन

331 करोड़ रुपये की लागत से 6 योजनाओं का शिलान्यास एवं 58 करोड़ रुपये की लागत से 2 योजनाओं का किया कार्यारंभ

GNSU Admission Open 2026

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार समृद्धि यात्रा के क्रम में अररिया जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने अररिया के नये पुलिस केंद्र स्थित अररिया पुलिस लाइन में आवासीय एवं गैर आवासीय भवनों का विद्युतीकरण सहित निर्माण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। साथ ही यहां आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर अररिया जिले के लिए 157 करोड़ रुपये की लागत से 60 योजनाओं का उद्घाटन, 331 करोड़ रुपये की लागत से 6 योजनाओं का शिलान्यास एवं 58 करोड़ रुपये की लागत से 2 योजनाओं का कार्यारंभ किया। मुख्यमंत्री ने अररिया जिला के अंतर्गत प्रगति यात्रा से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।

इसके अंतर्गत अररिया-कुर्सा काटा-कुवाड़ी सिकटी पथ का निर्माण कार्य, बैरगाछी से बंगला कोल जानेवाले पथ के 17वें कि०मी० में उच्चस्तरीय आरसीसी पुल एवं पहुंच पथ का निर्माण कार्य, फारबिसगंज-बथनाहा स्टेशन के बीच कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर सुभाष चौक के पास फ्लाईओवर का निर्माण कार्य आदि शामिल है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन योजनाओं को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने कोसी दुग्ध परियोजना परिसर में दुग्ध शीतक केंद्र अररिया का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने वहां आयोजित कार्यक्रम स्थल से विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोसी दुग्ध परियोजना के अंतर्गत अररिया सेंटर के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण योजना के तहत दुग्ध आपूर्तिकर्ताओं एवं लाभुकों से संवाद किया। सहकारी सहयोग समितियों के लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि हमलोग खासकर महिलाओं को इसका काफी लाभ हो रहा है। इस समिति से जुड़े लोगों को भी लाभ हो रहा है।

इससे दुग्ध उत्पादकों को भी फायदा मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने वहां लगाए गए सुधा के विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कृषि यांत्रिकीकरण मेला का फीता काटकर शुभारंभ किया। साथ ही वहां आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों, साइकिल योजना की लाभुक छात्राओं, अक्षर आंचल योजना के लाभुकों एवं स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लाभार्थियों से संवाद किया। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपने सबका कल्याण किया है। आपकी योजनाओं से हमसब लाभान्वित हुए हैं और जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपने हम सभी महिलाओं को पहचान दिलाई है। आपने हम सभी महिलाओं को संबल प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा संपोषित 6364 स्वयं सहायता समूह को 239 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। जैविक खेती हेतु उपकरण के लिए अनुदान का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी प्रदान की। किसानों को के०सी०सी० लोन, मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों, अंतर्जातीय विवाह योजना के लाभार्थियों, दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राई साइकिल प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने स्टॉल निरीक्षण के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों से कहा कि सरकार सभी का ख्याल रख रही है। सभी लोगों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।

आप सब योजनाओं का लाभ उठाएं और आगे बढ़ें। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने एएनएम, जीएनएम, पारा मेडिकल प्रशिक्षण संस्थान सह छात्रावास का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया तथा उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने वहां की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास एवं कल्याण विभाग द्वारा संचालित अन्य छात्रावासों के छात्रों के साथ भी संवाद किया। मुख्यमंत्री ने सभी छात्रों से कहा कि आपलोग मन लगाकर पढ़ें और जीवन में आगे बढ़ें। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री सह अररिया जिले के प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, विशेष शाखा के पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त श्री राजेश कुमार, पूर्णिया प्रक्षेत्र के प्रभारी पुलिस उपमहानिरीक्षक कुमार आशीष, अररिया के जिलाधिकारी श्री विनोद दुहान, अररिया के पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

GNSU Admission Open 2026