Home बिहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन...

शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की विशेष तैयारी

112
0
District administration makes special preparations to celebrate Holi in a peaceful and harmonious environment.

रोहतास। जिले में होली त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
विधि-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए समाहरणालय रोहतास में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, इसको लेकर 06184-226075/226093 नंबर जारी किया गया है।

सोशल मीडिया पर रहेगी नजर

GNSU Admission Open 2026

जिला प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अफवाहों के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। वही होली के अवसर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल की व्यवस्था, और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निकाय और संबंधित विभागों को दिया गया है। आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं के लिए सदर अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर एम्बुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

पुलिस बल की रहेगी तैनाती

सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को अपने कर्तव्य स्थल पर ससमय उपस्थित होकर विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही, जिले के वरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का त्योहार मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना को दें।

GNSU Admission Open 2026