युवक के घर आज आने वाली थी बहन की बारात
बिक्रमगंज (रोहतास)। जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में गौ तस्करों के कहर ने एक घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। मवेशियों से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया जिसमें एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज मृतक युवक के बहन की शादी थीं।
युवक बाइक से शादी के काम के लिए पानी लाने जा रहा था तभी गौ तस्करों के अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रक में भारी संख्या में गायों को तस्करी के उद्देश्य से बाहर ले जाया जा रहा था।
बचने की होड़ में तस्करों ने वाहन की गति इतनी तेज रखी थी कि सामने आ रहे बाइक सवार को कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद बिक्रमगंज में तनाव और हड़कंप की स्थिति है। ग्रामीणों ने गौ तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।







