College student goes missing; police find marriage documents.

दरभंगा: दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र से कॉलेज जाने के दौरान 24 जून को लापता हुई छात्रा के अपहरण मामले में लगभग एक महीने बाद भी पुलिस न तो छात्रा को बरामद कर सकी है और न ही आरोपी युवक मोहम्मद तुफैल को गिरफ्तार कर सकी है। परिजनों के दबाव पर पुलिस ने आरोपी युवक के पिता मोहम्मद वजीर और मां रौशनी खातून को दिल्ली के बरकी चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस को रौशनी खातून के मोबाइल से युवक और युवती के मेहंदी से लेकर निकाह तक की फोटो और वीडियो मिले हैं। वहीं, दिल्ली में कोर्ट मैरिज किए जाने से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। पुलिस अब बरामद फोटो, वीडियो और शपथ पत्र की जांच में जुटी है।

बताया जाता है कि 24 जून को कॉलेज जाने के दौरान जाले थाना क्षेत्र की छात्रा के लापता होने के बाद दोघरा गांव निवासी मोहम्मद तुफैल उर्फ रेहान के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। छात्रा की मां ने तुफैल के साथ उसकी मां रौशनी खातून और पिता वजीर शाह को भी नामजद किया था। प्राथमिकी में छात्रा की मां ने धर्म परिवर्तन कराने का भी आरोप लगाया था। हालांकि, अब आरोपी की मां के मोबाइल से निकाह, मेहंदी और हल्दी समारोह की फोटो और वीडियो बरामद किए गए हैं। वहीं, गिरफ्तार हुई तुफैल की मां रौशनी खातून ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसका बेटा बेंगलुरु में रहता था, जबकि वे लोग दिल्ली में रहते हैं। उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसका बेटा एक लड़की को लेकर दिल्ली आया था, लेकिन उसे यह जानकारी नहीं थी कि लड़की हिंदू है या मुस्लिम।

GNSU Admission Open 2026

उसके अनुसार, कुछ दिन दिल्ली में रहने के बाद उसका बेटा लड़की को लेकर बेंगलुरु चला गया। रौशनी खातून ने यह भी बताया कि उसे नहीं पता कि उसका बेटा कब गलत संगत में पड़ गया। उसने अपने बेटे को करीब दो लाख रुपये खर्च कर दुबई कमाने के लिए भेजा था, लेकिन वह छह महीने बाद ही वापस लौट आया। इसके बाद वह बेंगलुरु में रहकर काम करने लगा। इस संबंध में सदर डीएसपी-2 शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि दिल्ली पुलिस के सहयोग से आरोपी युवक के माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, युवक और युवती दोनों के मोबाइल की लोकेशन फिलहाल ट्रेस नहीं हो रही है। लोकेशन मिलते ही दोनों को हिरासत में लिया जाएगा। उनकी बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।