छपरा: बिहार विधानसभा चुनाव के आज आने वाले परिणाम में छपरा सीट पर सभी की नजरें रहेंगी। राज्य की 243 सीटों में छपरा सबसे हॉट सीटों में से एक है। भोजपुरी सिनेमा के मशहूर गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने पहले उनकी पत्नी को टिकट दिया था, लेकिन बाद में खेसारी को ही इस सीट से उम्मीदवार बनाया गया। अब खेसारी की कोशिश बीजेपी का किला ध्वस्त करने की होगी। इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
बीजेपी, आरजेडी और जनसुराज के अलावा भारतीय एकता दल, भारतीय लोक चेतना पार्टी, आजाद समाज पार्टी (कांसी राम) ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा चार निर्दलीय भी मैदान में हैं। हालांकि, असली मुकाबला आरजेडी और बीजेपी के बीच ही है, लेकिन जनसुराज भी अपना प्रभाव डाल सकती है। आरजेडी के उम्मीदवार खेसारी लाल यादव यहां से बड़ा चेहरा हैं और उनकी साख दांव पर होगी।
क्योंकि, पिछले दो चुनाव यहां बीजेपी ने जीते हैं और रणनीति के तहत इस बार उम्मीदवार बदलकर स्थानीय नेता को टिकट दिया है। ऐसे में खेसारी की राह मुश्किल होगी। 2015 और 2020 में यहां करीबी लड़ाई हुई थी। हालांकि, दोनों मौकों पर बीजेपी के सीएन गुप्ता ने आरजेडी के रणधीर कुमार सिंह को मात दी थी। ऐसे में खेसारी को उनकी लोकप्रियता का फायदा मिल सकता है और वह चुनाव जीत सकते हैं।







