भागलपुर: भागलपुर के तिलकामांझी विश्वविद्यालय परिसर में छात्र राजनीति को लेकर बुधवार को ABVP और छात्र राजद के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में एक छात्र गंभीर रूप से जख्मी हुआ, जो फिलहाल मायागंज अस्पताल में इलाजरत है। बताया जाता है कि ABVP और छात्र राजद के बीच विवाद पिछले दो दिनों से चल रहा था और बुधवार को मामला बढ़कर हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। घटना के बाद भागलपुर के सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार और सिटी डीएसपी-1 अजय कुमार चौधरी शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली। इधर, पुलिस ने मारपीट के मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के दो और छात्र राजद की तरफ से तीन कार्यकर्ता शामिल हैं। एसडीएम और सिटी डीएसपी ने कॉलेज कैंपस में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर घटना में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी मौजूद रहेगा।
उन्होंने बताया कि अभी हालात सामान्य हैं। एसडीएम विकास कुमार ने विश्वविद्यालय हॉस्टल में रह रहे छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और अपील की कि वे यहां पढ़ाई करने आए हैं, इसलिए मन लगाकर केवल पढ़ाई करें और मारपीट या हिंसक गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई छात्र हिंसक गतिविधियों में शामिल होगा तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रों को वर्चस्व की लड़ाई से दूर रहने की भी हिदायत दी। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि गुरुवार को करीब तीन घंटे तक विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन रणक्षेत्र बना रहा। इस दौरान हुई झड़प में एक छात्र बुरी तरह जख्मी हुआ था, जिसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। यह विवाद कथित तौर पर डिग्री और प्रोविजनल सर्टिफिकेट में अवैध वसूली और परिसर में वर्चस्व कायम करने को लेकर शुरू हुआ था। बुधवार को टीएमबीयू के परीक्षा नियंत्रक का कक्ष रणक्षेत्र बन गया था। इस दौरान छात्र राजद के नेताओं ने अभाविप के छात्र नेताओं को गाली-गलौज करते हुए उनके साथ हाथापाई और मारपीट की। इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था।







