सासाराम। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत संचालित हस्त-शिल्प विभाग एवं गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नारायण कौशल विकास केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को विश्वविद्यालय के देव मंगल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्किल डेवलपमेंट हेतु प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 270 प्रतिभागियों के बीच प्रमाण पत्र वितरण का कार्यक्रम संपन्न हो गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉक्टर कुमार आलोक प्रताप, सहायक कुल सचिव मिथिलेश कुमार सिंह, ग्लोबल ट्रेडिंग कंपनी की निदेशक डॉक्टर संगीता सिंह, शैल एग्री की निदेशक डॉक्टर मोनिका सिंह, नारायण स्किल डेवलपमेंट की निदेशक निरुपमा सिंह आदि ने संबोधित किया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति में यदि कौशल विद्यमान हो तो रोजगार स्वयं उसके दरवाजे पर चलकर आती है। हुनरयुक्त व्यक्ति अपना और अपने परिवार का विकास तो करता ही है, साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराता है ।इसलिए किसी भी प्रकार का कौशल सीखना एवं उसका लाभ उठाना सभी का अधिकार है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने प्रमाण पत्र प्राप्त करने आए प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपने जो प्रशिक्षण प्राप्त किया है उसको और अधिक ज्ञान युक्त बनाने हेतु विशेषज्ञों से सीखने का काम करें ताकि भविष्य में आप एक अच्छे सृजनकर्ता बन सकें। कार्यक्रम का संचालन नारायण स्किल डेवलपमेंट सेंटर के तकनीकी प्रमुख सूरज कुमार ने किया जबकि केंद्र के प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों के साथ फोटो सेशन का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।







