कैमूर। मोहनिया से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां बस और ट्रक की ज़ोरदार टक्कर में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पटना मोड़ रेलवे पुल के पास की बताई जाती है जहां बस ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस चालक समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद बस में घायल यात्रियों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने बस चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि बस कोचस से मोहनिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान पटना मोड़ रेलवे पुल के पास खड़ी ट्रक में बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घायलो मे बस चालक भभुआ थाना अंतर्गत शिवपुर गांव निवासी मंगल राम का पुत्र रवी कुमार, भगवानपुर थाना अंतरगत मसही गांव निवासी लाल मोहन राम का पुत्र गोपाल राम, मोहनिया थाना अंतर्गत सुखपूर्वा गांव निवासी रामधनी राम का पुत्र अमर कुमार और पसपिपरा गांव निवासी सुरेंद्र राम का पुत्र मनीष कुमार बताये जा रहे हैं। बस में बैठे यात्री पसपिपरा निवासी श्रीलोक चौधरी ने बताया की यह बस कोचस से मोहनिया जा रही थी तभी पटना मोड़ रेलवे पुल के पास खड़ी ट्रक में पीछे से बस ने टक्कर मार दी, टक्कर के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
हम लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया ले आये जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाकी लोगों को हल्की चोटे आई हैं जिनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डा मलय मिश्रा ने बताया की सड़क दुर्घटना में घायल चार लोगों को कुछ लोगों के द्वारा लाया गया था, हमने सभी का प्राथमिक उपचार किया जहां चालक की स्थिति गंभीर थी उसके नाक और ओठ पर चोट लगी थी, जिससे ब्लड आ रहा था, जिसे बेहतर इलाज के लिए हमने हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाकी तीन लोगों को हल्की चोटे लगी हैं जिनका इलाज चल रहा है।







