Home बिहार मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा...

मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप

155
0
Bomb threat to Muzaffarpur Civil Court, e-mail creates panic

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ई-मेल के जरिए भेजी गई इस धमकी ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया, जिसके बाद एहतियातन अदालत परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए न्यायिक कार्य भी बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:54 बजे सिविल कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। जैसे ही इसकी सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को दी गई, मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वकीलों, न्यायिक कर्मचारियों, पक्षकारों और आम नागरिकों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

GNSU Admission Open 2026

इसके बाद बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस की टीमों ने पूरे कोर्ट परिसर की सघन तलाशी शुरू की। अदालत की इमारत, पार्किंग एरिया, रिकॉर्ड रूम और आसपास के हिस्सों को बारीकी से खंगाला गया। सुरक्षा कारणों से कोर्ट के आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई और आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई।

हालांकि, लंबी तलाशी के बाद भी किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन मामले को हल्के में नहीं लिया जा रहा। साइबर सेल की मदद से धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि हाल के दिनों में सार्वजनिक और न्यायिक संस्थानों को मिल रही धमकियों को देखते हुए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

GNSU Admission Open 2026