
रोहतास: रोहतास जिले के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आयोजित चार दिवसीय META 3.0 महोत्सव का तीसरा दिन उस वक्त यादगार बन गया, जब बॉलीवुड के मशहूर गायक अंकित तिवारी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जैसे ही अंकित तिवारी मंच पर पहुंचे, पूरा ग्राउंड तालियों और उत्साह से गूंज उठा। कार्यक्रम में MBBS छात्रों के साथ-साथ बाहर से आए प्रतिभागियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
‘सुन्न रहा है ना तू’, ‘गल्लियां’ और ‘अगर तुम साथ हो’ जैसे सुपरहिट गानों पर छात्र झूमते नजर आए। अंकित तिवारी की मधुर आवाज़ ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। छात्रों ने गानों पर जमकर डांस किया और मोबाइल की फ्लैश लाइट्स से पूरे परिसर को रोशन कर दिया।बताया जा रहा है कि META 3.0 के तहत प्रतिदिन सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है और परिसर में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर त्रिविक्रम नारायण सिंह ने मशहूर गायक अंकित तिवारी को बुके भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंच पर विश्वविद्यालय परिवार के सभी अधिकारी, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मान के बाद अंकित तिवारी ने विश्वविद्यालय प्रबंधन का आभार जताते हुए छात्रों के उत्साह और ऊर्जा की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रों का प्यार और जोश कलाकारों को और बेहतर प्रस्तुति देने के लिए प्रेरित करता है।






