Home बिहार बलिया में लापता मजदूर का शव तालाब से बरामद, इलाके में सनसनी

बलिया में लापता मजदूर का शव तालाब से बरामद, इलाके में सनसनी

118
0
Body of missing labourer recovered from pond in Ballia, creates sensation in the area

बलिया: बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में एक लापता मजदूर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गायघाट–अतरडरिया तिराहे के पास सड़क किनारे स्थित एक तालाब में मंगलवार की शाम शव देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। बुधवार को पुलिस ने मामले की पुष्टि की।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सहतवार थाना क्षेत्र के कुशहर गांव निवासी शिवशंकर नट (40) के रूप में हुई है। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह कई दिनों से तालाब में पड़ा हुआ था। पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की।

GNSU Admission Open 2026

रेवती थाना प्रभारी राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि शिवशंकर नट 11 जनवरी को मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। पहले परिजनों ने अपने स्तर से उसकी तलाश की, लेकिन जब दो दिन तक कोई सुराग नहीं मिला तो 13 जनवरी को सहतवार थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद भी उसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई।

मंगलवार की शाम तालाब में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में किसी स्पष्ट चोट के निशान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शिवशंकर की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और गुमशुदगी के दौरान उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।

GNSU Admission Open 2026