गया जी: देशभर के लाखों छात्रों की मेहनत रंग लाई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2026 के पहले चरण के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस बार देश के 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल स्कोर कर नया रिकॉर्ड बनाया है। खास बात यह है कि बिहार के गया जिले के शुभम कुमार ने भी 100 पर्सेंटाइल हासिल किया और राज्य का नाम रोशन किया है। पिछले दो वर्षों से बिहार के किसी भी छात्र को 100 पर्सेंटाइल नहीं मिल पाया था, लेकिन शुभम की सफलता ने उस सूखे को खत्म कर दिया। शुभम कुमार अब देश के टॉप स्कोरर्स की सूची में शामिल हैं और उन्हें देश में तीसरे स्थान पर रखा गया है।
गया समेत पूरे बिहार में उनके इस प्रदर्शन को लेकर खुशी की लहर है। इस बार बिहार से करीब 60 हजार छात्रों ने जेईई मेन में भाग लिया। इनमें से कई छात्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे राज्य की शैक्षणिक स्थिति में सकारात्मक संकेत मिले हैं। एनटीए ने परीक्षा परिणाम के साथ अंतिम उत्तर कुंजी और विस्तृत स्कोर कार्ड भी जारी किया है, जिसे छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। जेईई मेन 2026 के पहले चरण के लिए कुल 13,55,293 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 13,04,653 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। उपस्थिति प्रतिशत 96.26 फीसदी रहा, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
परीक्षा 21 से 28 जनवरी के बीच आयोजित हुई थी और देश के 326 शहरों में स्थित 658 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। इसके अलावा विदेश के 15 शहरों में भी भारतीय छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि बिहार के छात्रों का यह प्रदर्शन आने वाले वर्षों में और बेहतर होगा। शुभम कुमार की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी और राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर नया उत्साह पैदा करेगी। अब सभी की निगाहें जेईई मेन के दूसरे चरण और उसके बाद होने वाली जेईई एडवांस्ड परीक्षा पर टिकी हैं।







