पटना (फुलवारी शरीफ): राजधानी पटना के ISBT बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में जहानाबाद निवासी 30 वर्षीय संतोष कुमार शर्मा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी महिला मित्र चंचल कुमारी उर्फ रिया के साथ होटल में ठहरा हुआ था। होटल कर्मियों की सूचना पर रामकृष्ण नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की जांच के दौरान युवक का शव पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, युवक की महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, महिला मित्र ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह घटना के समय सो रही थी और उसे इस बात की जानकारी नहीं हो सकी कि संतोष कुमार ने कब यह कदम उठाया। उसने दावा किया कि जब उसकी नींद खुली तो युवक को फंदे से लटका पाया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस मामले में पटना सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने बताया कि युवक ने शाम के समय अपनी महिला मित्र के साथ होटल में कमरा लिया था और देर रात यह घटना सामने आई। महिला मित्र जहां इसे आत्महत्या बता रही है, वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई परिजनों के बयान और रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।







