Home बिहार गंगा-सोन में जलस्तर बढ़ा, दियारा के कई गांवों में बाढ़; सड़कें जलमग्न

गंगा-सोन में जलस्तर बढ़ा, दियारा के कई गांवों में बाढ़; सड़कें जलमग्न

455
0
Water level in Ganga-Son increased, flood in many villages of Diara; roads submerged

पटना: गंगा और सोन नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि के बाद पटना जिले के दियारा क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। दानापुर, मनेर, बख्तियारपुर, दनियावां, फतुहा, खुशरूपुर, मोकामा, बाढ़, पटना सिटी, दीघा और राजधानी पटना के निचले इलाकों में पानी फैलने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। दनियावां के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 30ए का एक हिस्सा जलमग्न हो गया है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, पटना में गंगा नदी का जलस्तर 51.10 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से ऊपर है। वहीं, मनेर में सोन नदी 52.99 मीटर पर बह रही है। मनेर के निचले और दियारा इलाकों के दर्जनभर गांवों की सड़कें पानी में डूब चुकी हैं, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है।

जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से दियारा के लोग भयभीत हैं। कई परिवार सुरक्षित स्थानों की तलाश में मनेर शहर की ओर पलायन कर रहे हैं। सड़कें और घर जलमग्न हो चुके हैं, जिससे लोगों के समक्ष भोजन और मवेशियों के लिए चारे की भी समस्या उत्पन्न हो गई है। मनेर के हल्दी छपरा में दो ट्रांसफॉर्मर जल जाने से कई टोलों में अंधेरा छा गया है। बुधवार की रात बाढ़ के पानी में कई बिजली के पोल गिर जाने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है। मोबाइल चार्ज नहीं होने के कारण लोग अपने सगे-संबंधियों से संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं। पश्चिमी दियारा के कई गांवों की जीवन रेखा माने जाने वाली तिवारी टोला पुल भी बाढ़ के पानी में डूब गया है।

GNSU Admission Open 2026

इसके चलते रामपुर दियारा, भवानी टोला, हुलासी टोला, प्रेम टोला और इसलामगंज के लोग जैसे-तैसे नाव या पानी के बीच से मनेर आने-जाने को मजबूर हैं। रतन टोला, हल्दी छपरा, दुधेला, हाथी टोला, महावीर टोला, छिहत्तर, सात अना, पुरनका टोला, नयका टोला, धजव टोला, मुंजी टोला समेत दर्जनों गांवों के लोगों ने प्रशासन से नाव सेवा की मांग की है, ताकि वे सुरक्षित स्थानों तक पहुंच सकें। बाढ़ की सूचना मिलते ही मनेर के विधायक भाई वीरेंद्र प्रभावित गांवों का दौरा किया।

उन्होंने हाथी टोला, हल्दी छपरा, दुधेला, मुंजी टोला समेत एक दर्जन से अधिक गांवों का निरीक्षण किया। विधायक ने बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और तुरंत दानापुर एसडीओ, मनेर बीडीओ और सीओ से बात कर मवेशियों के लिए चारा, नाव की व्यवस्था और अन्य राहत सामग्री की मांग की। मौके पर मुखिया अशोक सिंह, लाल किशोर सिंह और समाजसेवी भृगु यादव सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।

GNSU Admission Open 2026