
नालंदा: नालंदा जिले के हरनौत नगर पंचायत में शुक्रवार को सुपरवाइजर द्वारा सफाईकर्मियों से मोबाइल जमा करवाने के निर्देश ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। आदेश का विरोध करने पर सफाईकर्मियों के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई, जिसके बाद दर्जनों कर्मी हड़ताल पर चले गए। इस घटना से न केवल नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है, बल्कि कर्मचारियों की गरिमा और अधिकारों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब सफाईकर्मी नगर पंचायत कार्यालय में दैनिक कार्य के लिए आवश्यक सामग्री लेने पहुंचे, तो सुपरवाइजर बंटी कुमार ने सभी कर्मियों को मोबाइल फोन जमा करने का निर्देश दिया।
अचानक आए इस आदेश का कर्मियों ने विरोध किया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि सुपरवाइजर और उसके समर्थकों ने विरोध कर रहे कर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में कई सफाईकर्मी घायल हो गए, जिनमें महिला कर्मी भी शामिल हैं। घायल कर्मियों ने काम बंद कर नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन किया और फिर हरनौत थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में सुपरवाइजर बंटी कुमार के साथ-साथ बबलू यादव, जामुन यादव, छोटू यादव, रोशन कुमार और बाबू ठाकुर के नाम शामिल हैं। घटना में महिला कर्मियों के साथ बदसलूकी का आरोप भी लगाया गया है। पीड़िता आशा कुमारी ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ा हो।
“हमेशा धमकी और दबाव झेलते हैं, पहले भी शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन मिला,” उन्होंने कहा। शुक्रवार की घटना ने सभी सीमाएं लांघ दीं। कर्मियों ने बताया कि वे लंबे समय से कार्यस्थल पर शोषण और दुर्व्यवहार का सामना कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। घायल कर्मी त्रिदेव कुमार ने कहा कि कई सफाईकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। हड़ताल पर गए कर्मियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक आरोपी सुपरवाइजर और प्रबंधक को निलंबित नहीं किया जाता, वे काम पर नहीं लौटेंगे। एक कर्मी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, “हम मार खाएं या शहर को साफ करें? सम्मान नहीं मिलेगा तो काम कैसे होगा?” इस पूरे मामले में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अब तक नहीं आई है। वहीं, हरनौत थानाध्यक्ष अमरदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।






