
मुज्जफरपुर: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के मझौलिया एनएच-28 के पास सोमवार शाम कई ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में गया जिले के ट्रक चालक प्रमोद कुमार केबिन में बुरी तरह फंस गए और करीब डेढ़ घंटे तक वहीं फंसे रहे। गैस कटर की मदद से ट्रक का चेसिस काटकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। चालक को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मझौलिया चौक पर पहले से जाम में खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार व अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सामने खड़े दो अन्य टैंकर भी आपस में भिड़ गए। इसी क्रम में एक खाली ट्रक की टक्कर सीमेंट लोड ट्रक से हो गई, जिसमें चालक प्रमोद कुमार फंस गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला।
इस दौरान मुजफ्फरपुर–बरौनी हाईवे (एनएच-28) पर लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सदर थाना प्रभारी अश्मित कुमार ने बताया कि तीन ट्रकों की टक्कर हुई थी। एक चालक के फंसने की सूचना मिलने पर उसे सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। अन्य किसी को चोट नहीं आई है और एनएच-28 पर जाम को भी पूरी तरह से साफ कर दिया गया है।






