सीतामढ़ी। जिले में शनिवार को खास हलचल देखने को मिल रही है। एक ओर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, वहीं जानकी नवमी और सीतामढ़ी महोत्सव के कारण शहर भक्ति और उत्सव के रंग में डूबा हुआ है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर अस्थायी बदलाव किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस के निर्देशानुसार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक गोशाला चौक से पमरा तक के मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। इस दौरान केवल अधिकृत वाहनों को ही इस रूट पर चलने की अनुमति होगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। इधर, 25 और 26 अप्रैल को आयोजित होने वाले सीतामढ़ी महोत्सव की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय कला और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। जानकी नवमी के अवसर पर धार्मिक आस्था का भी खास माहौल देखने को मिला। माता जानकी की जन्मस्थली माने जाने वाले पुनौरा धाम मंदिर से भव्य डोला शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा हालेश्वर स्थान मंदिर की परिक्रमा करते हुए पुनौरा धाम लौटकर समाप्त हुई। पूरे शहर के मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।







