- धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन
औरंगाबाद। जिले के देव स्थित ऐतिहासिक रानी तालाब परिसर में आज से तीन दिवसीय सूर्य महोत्सव का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महोत्सव को लेकर देव सहित पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।सूर्य महोत्सव का उद्घाटन रविवार को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित उद्घाटन सत्र के साथ होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य उद्घाटनकर्ता बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह होंगे। इस अवसर पर बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री सह प्रभारी मंत्री औरंगाबाद डॉ. संतोष कुमार सुमन तथा पर्यटन विभाग सह कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद भी मौजूद रहेंगे।
अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिन्हा एवं काराकाट सांसद राजाराम सिंह शामिल होंगे। इसके अलावा बिहार विधान परिषद के सदस्य दिलीप कुमार सिंह, जीवन कुमार, स्थानीय विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग समारोह में शिरकत करेंगे।उद्घाटन सत्र के बाद शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक प्रसिद्ध गायिका प्राची पल्लवी साहु सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी। इसके पश्चात शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक इंडियन आइडल सीजन-12 के विजेता एवं सुप्रसिद्ध बॉलीवुड गायक पवनदीप राजन अपनी मधुर गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।महोत्सव के दूसरे दिन 26 जनवरी को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक मुख्य मंच पर जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का फाइनल आयोजित किया जाएगा। साथ ही खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल और स्लो साइकिल रेस सहित विभिन्न जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं होंगी। दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक राज्य स्तरीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी, जबकि शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे तक सुप्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी अपने लोक गीतों से समां बांधेंगी। वहीं, महोत्सव के अंतिम दिन 27 जनवरी को सरस मेला मैदान में पेंटिंग, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।इधर सूर्य महोत्सव को लेकर देव सूर्य मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। गर्भगृह से लेकर मंदिर के प्रवेश द्वार तक फूलों और आकर्षक लाइटिंग से भव्य सजावट की गई है, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।







