
पटना: बिहार पुलिस पश्चिम बंगाल के कोलकाता से चंदन मिश्रा हत्याकांड के आरोपियों को लेकर पटना आ रही है। टीम मुख्यारोपी तौशीफ खान समेत चार आरोपियों को अपने साथ लेकर आ रही है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए टीम ने रूट में बदलाव कर दिया है। पुलिस टीम शेरघाटी पार कर रही है। उसे डोभी होते हुए पटना लाया जा रहा है। इसमें एसटीएफ और पटना पुलिस की टीम शामिल है। पटना पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि एसटीएफ के सहयोग के चंदन मिश्रा हत्याकांड में मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह, निशु खान समेत चार लोगों को कोलकाता में हिरासत में लिया गया है।
पुलिसिया पूछताछ में पता चला कि निशु खान के आवास पर इस हत्या की साजिश रची गई थी। घटना को अंजाम मुख्य रूप से तौशीफ उर्फ बादशाह द्वारा दिया गया है। इस मामले में अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ चल रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो गुप्त सूचना मिली थी कि चंदन मिश्रा को गोली मारने वालों में से एक तौसीफ अपने दोस्तों के साथ कोलकाता के आनंदपुरी इलाके में एक गेस्ट हाउस में छिपा हुआ था। इसके बाद एसटीएफ और कोलकाता पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान तौसीफ, नीशू खान, हर्ष उर्फ हरीश कुमार, भीम कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इनके अलावा पुलिस ने एक महिला को भी हिरासत में लिया था। वह तौसीफ के साथ थी।






