
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में काम आने वाला मतदाता सूची 1 सितंबर के बाद फाइनल हो जाएगा। अभी उसके प्रारूप का प्रकाशन होने जा रहा है। शुक्रवार 1 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित हो जाएगा। प्रारूप का मतलब है कि इसमें अगर किसी वोटर का नाम छूट गया है या मृत वोटर का नाम जुड़ गया है तो दावा / आपत्ति के जरिए उसे सुधारने का समय है। यह समय 1 अगस्त नहीं, बल्कि शनिवार 2 अगस्त से शुरू होगा। आप खुद ही ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना या अपनों का नाम सर्च कर सकते हैं और अगर यह नहीं मिले तो अपने आसपास लग रहे कैम्प में जाकर दावा / आपत्ति कर सकते हैं। बिहार में मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 24 जुलाई तक 7.89 करोड़ मतदाताओं में से करीब 7.24 करोड़ मतदाताओं ने अपने गणना फार्म जमा कर दिए थे।
उनमें से 5.7 करोड़ मतदाताओं ने अपने मोबाइल नंबर रजिस्टर कराए थे तो उन्हें मैसेज से इसकी पुष्टि की गई। चुनाव आयोग के अनुसार 1 अगस्त को प्रारूप प्रकाशन से पहले 7.24 करोड़ मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज्ड हो जाएंगे। आयोग ने फॉर्म ना भरने वालों, मृतकों व स्थायी रूप से प्रवास कर चुके मतदाताओं की सूची सभी 12 राजनीतिक दलों को 20 जुलाई को साझा कर दी थी, ताकि किसी भी त्रुटि को 1 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में सुधार के लिए सुझाव आ सके। आयोग ने करीब 22 लाख मृत मतदाताओं के नाम चिह्नित किए थे। करीब 7 लाख मतदाताओं के वोट एक से ज़्यादा जगह पाए जाने की सूचना दी थी।करीब 35 लाख मतदाता या तो स्थायी रूप से प्रवास कर चुके या उनका कोई पता नहीं चल पा रहा- यह भी बताया था। साथ ही, यह जानकारी भी दी थी कि करीब 1.2 लाख मतदाताओं के गणना फॉर्म अभी वापस नहीं मिले हैं। चुनाव आयोग ने 7.89 करोड़ मतदाताओं में से करीब 7.24 करोड़ वोटरों के पुनरीक्षण का दावा किया है और लगभग 65 लाख वोटरों का नाम तीन कारणों (मृत होने, एक जगह छोड़ बाकी वोटर लिस्ट में रहने या स्थायी तौर पर दूसरे राज्य चले जाने) से हटाया है। अब 1 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित होगा तो मतदाता देखेंगे कि उनका नाम इन 65 लाख वोटरों के साथ तो शामिल नहीं हो गया है।
आज तक यह ऑनलाइन जांचेंगे तो दिखाएगा- “कृपया अपने BLO से संपर्क करें”। शुक्रवार को यहां पूरी जानकारी देने का दावा है। 1 अगस्त को जारी हो रहे वोटर लिस्ट प्रारूप में आपका नाम है या नहीं। आज और कल का पूरा समय है आपके पास। अगर कल वोटर लिस्ट प्रारूप में आपका या आपके अपनों का नाम नहीं दिखता है तो आप अपने आसपास प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय या शहरी निकाय कार्यालय (जैसे- कार्यपालक पदाधिकारी का कार्यालय, नगर पंचायत, नगर परिषद् एवं नगर निगम अंचल कार्यालय) का पता लगाकर रख सकते हैं। यहीं 2 अगस्त से निर्वाचन आयोग का कैम्प लगेगा। यह कैम्प सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ऑपरेशनल रहेंगे। 2 अगस्त से 1 सितंबर तक यह कैम्प बगैर किसी छुट्टी के चलेंगे, मतलब रविवार को भी खुलेंगे और किसी पर्व-त्योहार के नाम पर भी बंद नहीं होंगे। जिनका वोटर लिस्ट में नाम गायब दिखे, वह यहां दावा या आपत्ति कर सकते हैं। जिले में कहीं के वोटर किसी भी ऐसे कैम्प में दावा या आपत्ति कर सकते हैं। इसके अलावा, जो अबतक वोटर नहीं बने थे या जो अब बालिग हो रहे हैं, वह मतदाता सूची में शामिल होने के लिए फॉर्म 6 भी यहीं आकर भर सकते हैं।






