
लखीसराय: शिक्षा विभाग में कार्यरत रहे लिपिक कमाल अशरफ पर संगीन आरोपों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को उसके पैतृक घर पर कुर्की की कार्रवाई की। आरोपी पर एक हिंदू युवती को प्रेमजाल में फंसाकर जबरन धर्मांतरण, शादी और यौन शोषण करने का आरोप है। इसके अलावा वह शिक्षा विभाग में करोड़ों के घोटाले में भी संलिप्त पाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता द्वारा थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कमाल अशरफ पर लव जिहाद और यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामला उजागर होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है।
शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप में भी उसका नाम प्रमुखता से सामने आया था। बताया जाता है कि विभागीय स्तर पर मामले को दबाने की कोशिशें की गईं, लेकिन पीड़िता की लगातार पैरवी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के दबाव के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। कोर्ट से जारी आदेश के आधार पर मंगलवार को सूर्यगढ़ा थाना पुलिस ने कमाल अशरफ के पैतृक घर पर कुर्की की कार्रवाई की। घर में मौजूद कीमती सामानों को सूचीबद्ध कर जब्त कर लिया गया।
पुलिस की यह कार्रवाई पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जल्द ही कमाल अशरफ को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग प्रशासन से न्याय की अपेक्षा कर रहे हैं। वहीं, पीड़िता ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए न्याय मिलने की उम्मीद जताई है।






