Home बिहार रोहतास में जमीन विवाद में कपड़ा व्यवसायी की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी...

रोहतास में जमीन विवाद में कपड़ा व्यवसायी की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

545
0
Textile businessman beaten to death in land dispute in Rohtas, two accused arrested

रोहतास: रोहतास जिले में हाल के दिनों में हत्या, लूट और गोलीबारी जैसी आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला अमझोर थाना क्षेत्र के जागोडीह गांव का है, जहां शुक्रवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक कपड़ा व्यवसायी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अर्चना वस्त्रालय के मालिक वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरेंद्र सिंह का अपने परिजनों और रिश्तेदारों के बीच लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार की सुबह खेत में काम करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।

आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने वीरेंद्र सिंह की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अमझोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच खेत में काम करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी में एक व्यक्ति की पिटाई के कारण मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। व्यवसायी की हत्या के बाद जागोडीह गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026

लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक प्रतिष्ठित व्यवसायी की इस प्रकार हुई हत्या से लोग भयभीत हैं और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने रोहतास पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है। पिछले दो-तीन दिनों के भीतर जिले में यह चौथी हत्या या जानलेवा हमला है, जिससे आम जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। अमझोर थाना क्षेत्र में ही 24 घंटे के भीतर यह दूसरी हत्या की वारदात है, जो यह दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का डर कम होता जा रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन दावा कर रहा है कि सभी मामलों में तेजी से कार्रवाई हो रही है, लेकिन इन घटनाओं से लोगों का भरोसा डगमगाता नजर आ रहा है। आमजन अब ठोस नतीजों और अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।




GNSU Admission Open 2026