सासाराम। जमुहार स्थित नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में 10 मार्च 2026 को नेशनल फार्मेसी एजुकेशन डे के अवसर पर ‘फार्मा अन्वेषण–2026’ का सफल आयोजन किया गया। यह दिवस भारत में फार्मेसी के जनक प्रोफेसर महादेव लाल श्रॉफ की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष जसुभाई हीराभाई चौधरी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मेन्द्र सिंह ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय औषधि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (नाइपर) हाजीपुर की निदेशक प्रो. (डॉ.) के. रुक्मणी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की सफलता पर गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक एवं औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे छात्रों के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) जगदीश सिंह, प्रो-कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह, कुलसचिव आलोक प्रताप सिंह तथा परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह ने भी आयोजन की सफलता पर बधाई दी।
कार्यक्रम के संयोजक नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के डीन-कम-प्रिंसिपल डॉ. धर्मेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों—सीतामढ़ी, सिवान, बक्सर, गया, औरंगाबाद, पटना, मुजफ्फरपुर और सहरसा से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 660 प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस दौरान पोस्टर प्रेजेंटेशन, ओरल प्रेजेंटेशन और मॉडल प्रेजेंटेशन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रेजेंटेशन के लिए 16 प्रतिभागियों और ओरल प्रेजेंटेशन के लिए 5 प्रतिभागियों का चयन किया गया, जबकि दो मॉडल प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा की गई। अतिथियों ने छात्रों को फार्मेसी के क्षेत्र में शोध, नवाचार और उद्योग जगत से जुड़ाव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्यों और छात्रों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने इसे फार्मेसी शिक्षा एवं शोध को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल बताया।







