बगहा। शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से बगहा नगर परिषद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया, जिससे स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने बगहा-दो क्षेत्र के रेलवे स्टेशन चौक, मीना बाजार, सिंह मार्केट, तिवारी मार्केट और भार्गवी कॉम्प्लेक्स सहित कई प्रमुख बाजारों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग की जांच के साथ-साथ ट्रेड लाइसेंस की भी पड़ताल की। जांच के दौरान कई दुकानों में सिंगल यूज प्लास्टिक का खुलेआम इस्तेमाल पाया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक थैलों को जब्त कर लिया और संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण से जुड़े नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा, कई दुकानदारों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं होने की बात भी सामने आई। ऐसे व्यवसायियों को तीन दिनों के भीतर लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने चेताया है कि तय समय सीमा के बाद बिना लाइसेंस दुकान संचालित करने पर तालाबंदी और अन्य सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान स्वच्छता पदाधिकारी और नगर प्रबंधन टीम ने लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे खरीदारी के लिए कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करें और शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग दें। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







