बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और राजद के वरिष्ठ नेता शिवचंद्र राम ने मुजफ्फरपुर में प्रेस वार्ता के दौरान NDA सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश और बिहार से NDA का सफाया होना तय है, क्योंकि उनके कार्यकाल में दलित, पिछड़ों और महादलितों पर अत्याचार बढ़ गए हैं। शिवचंद्र राम ने दावा किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे, और तब ही संविधान की रक्षा संभव होगी।
उन्होंने कहा कि राजद हमेशा से दलित, महादलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के हक की लड़ाई लड़ता आया है और यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। मुजफ्फरपुर को स्वतंत्रता सेनानी जुब्बा सहनी की धरती बताते हुए उन्होंने उनकी 648वीं जयंती पर 20 तारीख को पटना में समारोह आयोजित करने की घोषणा की।
शिवचंद्र राम ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि दिल्ली में वे किसी तरह जीत गए, लेकिन बिहार में उनकी दाल गलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि NDA सरकार सिर्फ मंदिर-मस्जिद, हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती है, जबकि बिहार की जनता बेरोजगारी, महंगाई और अपराध जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है।
आरक्षण को हटाने की साजिश का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि आरक्षण की सीमा को 30% तक बढ़ाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा जल्द से जल्द बिहार विधानसभा के बाहर स्थापित की जाए।
पूर्व मंत्री ने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि हर दिन हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज एक पिता अपने बच्चे को स्कूल भेजने से डरता है, जो बिहार की बदहाल स्थिति को दर्शाता है।
कुंभ भगदड़ हादसे को दुखद बताते हुए शिवचंद्र राम ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह मौत के आंकड़ों को छिपा रही है। उन्होंने रेल मंत्री से इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि अब समय आ गया है कि संविधान बचाने के लिए देश में बड़ा आंदोलन किया जाए।







