Home बिहार लखीसराय में सनसनी, झाड़ियों में मिला 14 वर्षीय किशोर का रक्तरंजित शव,...

लखीसराय में सनसनी, झाड़ियों में मिला 14 वर्षीय किशोर का रक्तरंजित शव, गोली मारने की आशंका

33
0
Sensation in Lakhisarai, blood-soaked body of a 14-year-old boy found in bushes, suspected to have been shot

लखीसराय: लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहा गांव स्थित बालकिशन सिंह गंगा घाट के पास शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घाट के समीप झाड़ियों से 14 वर्षीय किशोर अमन कुमार का रक्तरंजित शव बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खुटहा चेतन टोला निवासी चुनचुन सिंह उर्फ चूनमा के पुत्र के रूप में की गई है। अमन गुरुवार सुबह करीब 10 बजे से लापता था।

परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह गंगा स्नान के लिए जा रहे लोगों ने घाट के पास झाड़ियों में कुत्तों को भौंकते देखा। संदेह होने पर जब वे झाड़ियों की ओर बढ़े तो वहां अमन का शव खून से सना हुआ पड़ा मिला। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मृत किशोर के सिर में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया गोली लगने या धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, शव का सीना हिस्सा जंगली जानवरों द्वारा नोच दिए जाने से विकृत अवस्था में मिला है।

GNSU Admission Open 2026

जानकारी के अनुसार, अमन स्थानीय सिपाही स्थान के पास एक छोटी गुमटी में किराना और पेट्रोल बेचने का कार्य करता था और साथ ही वह मध्य विद्यालय चेतन टोला खुटहा में आठवीं कक्षा का छात्र था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमन अपने दो किशोर साथियों के साथ एक पिस्टल जैसे हथियार को देख रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे अमन के सिर में जा लगी। इसके बाद दोनों किशोर घबरा गए और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने दोनों किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह घटना दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई साजिश थी। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।





GNSU Admission Open 2026